Naga Baba: Image from Justin's Instagram

शेटलर का सोशल मीडिया के साथ विरोधाभासी संबंध रहा। वह मान्यता चाहता था और फाॉलोवर्स हासिल करने के लिए अपने काम का दस्तावेजीकरण करता था। पर आत्मज्ञान की खोज का इस डिजिटल आत्म-प्रचार के साथ एक किस्म का विरोधाभास भी था। अपनी एक पोस्ट में जस्टिन ने लिखाः

चाय, चिलम, चपाती। बाबा लाईफ! यह एक साधु है, जो प्राचीन योग परंपरा का पालन करता है, और हिमालय की एक अर्ध-गुफा मंदिर में रहता है। उसका नाम सत गारन गिरि है और वह एक नागा बाबा है, भगवान शिव के भक्त।

मैंने इन बाबाओं की जादुई शक्तियों के बारे में कहानियाँ सुनी हैं। वे आपकी आत्मा में देख सकते हैं और आपका अतीत और भविष्य जान सकते हैं। वे आशीर्वाद या शाप दे सकते हैं। वे पवित्र व्यक्ति हैं लेकिन जंगली हैं, और भारत में कानून से भी ऊपर हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं करेगी, यहां तक कि हत्या के लिए भी, मुझे बताया गया है।

वे पवित्र स्थलों की आध्यात्मिक तीर्थयात्रा करते हैं, और कुछ अपने जीवन का बड़ा हिस्सा जंगल में एकांत में बिताते हैं। योगाभ्यास के कारण उनकी कोहनियों, कलाइयों, टखनों और घुटनों पर अजीब सूजन हो गई है।

उन्होंने दुनिया के मोह-माया को त्याग दिया है। उनका कहना है कि अधिकांश बाबा नकली हैं, वे पैसे और औरतों के लिए पर्यटकों की तस्वीरें खिंचवाने का आनंद लेते हैं। लेकिन वह मुझे आश्वस्त करता है कि वह असली है, यहां तक कि उसने अपना लिंग भी कटवा लिया है। कोई महिला नहीं।

वह अपना जीवन आग के पास बैठकर बिताता है जो कभी नहीं बुझती। लोग आते हैं और आशीर्वाद माँगते हैं और अक्सर तम्बाकू, माल (चरस-हशीश-गाँजा) और हाँ, कभी-कभी पैसा भी लाते हैं। उसके पास चिलम है, जो पत्थर का पाइप होता है। उससे वो गांजे और तंबाकू का तेज मिश्रण पीता है। शिव गांजे के बहुत बड़े प्रशंसक थे, और यह इन बाबाओं के आहार में शामिल है।

स्टिन अलेक्जेंडर शेटलर कोई औसत यात्री नहीं था। वो सर्वाईवल विशेषज्ञ था। रोमांच और आध्यात्मिक जागृति की तलाश में भारत आया जस्टिन मनोरम दृश्यों और साहसी कारनामों भरी कहानियों के साथ इंस्टाग्राम पर अपनी यात्राओं का दस्तावेजीकरण करता था। यहाँ गुफाओं में रहने से लेकर, बांसुरी वादन, होली, बनारस और अन्य विभिन्न धार्मिक स्थानों पर उसकी यात्रा के चित्र और विडियो हैं।

पर 2016 में, शेटलर हिमालय पर्वत की पार्वती घाटी में बिना किसी निशान के लापता हो गया। उसके लापता होने की परिस्थितियाँ हत्या की ओर इशारा करती थीं, पर जो संदेश वो अपने पीछे छोड़ गया, उसने गुत्थियाँ और उलझा दीं, “मैं मध्य सितंबर या उसके आसपास वापस लौट आउंगा। अगर मैं तब तक वापस नहीं आया, तो मेरी तलाश मत करना।”

भारत शेटलर के लिए एक विशेष आकर्षण रखता था। अपने पिता के अनुभवों और हिंदू धर्म के प्रति आकर्षण से प्रेरित होकर, वह पार्वती घाटी की तीर्थयात्रा पर निकला था। यहाँ की घाटियाँ इतनी सुरम्य हैं कि इसे अक्सर ‘मिनी-स्विट्जरलैंड’ कहा जाता है। हिमालय की गोद में बसी इस घाटी के रहस्यों में से एक है साइकेडेलिक रेव पार्टियाँ। यहाँ स्थानीय रूप से उगाई जाने वाली सुगंधित चरस मलाणा क्रीम, दुनिया की सबसे महंगी हशिश है। 1980 के दशक में, इजरायली पर्यटकों ने जब यहां आना शुरू किया, तब इस घाटी में भारतीय पर्यटक कम ही आते थे। नशीली दवाओं ने धीरे-धीरे घाटी को विदेशी पर्यटकों के बीच एक लोकप्रिय गंतव्य बना दिया।

पर इस सुदूर क्षेत्र में बैकपैकर्स के गायब होने का खासा इतिहास है। बीते 25 वर्षों में यहाँ से एक दर्जन से अधिक पर्यटकों गायब हुये हैं (स्थानीय लोगों का कहना है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं ज़्यादा है), जिसके कारण इसे “भारत का बैकपैकर बरमूडा ट्रायंगल” और “डेथ वैली” उपनाम भी मिले हैं। सरकारी भवनों की दीवारें, बिजली के खंभे, सार्वजनिक शौचालय, सभी लापता हुए लोगों के पोस्टर से पटे हुए हैं।

अगस्त 2016 में जस्टिन ने मंतलाई झील तक, जो 4,000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, ट्रैकिंग करने का फैसला किया। उस समय वो एक गुफा में रह रहा था, एक हिंदू नागा गिरि के साथ। ट्रैकिंग में ये बाबा उसके साथ था। 3 सितंबर को, जस्टिन को यात्रा के वापसी चरण में देखा गया था, लेकिन फिर वो गायब हो गया।

अलेक्जेंडर के लापता होने के बाद स्थानीय पुलिस ने गिरि को गिरफ्तार कर लिया। पर हिरासत समाप्त होने से कुछ ही दिन पहले, गिरि हवालात में मृत पाया गया।

हार्ले रुस्ताद की पुस्तक “लॉस्ट इन द वैली ऑफ डेथ” में जस्टिन के लापता होने के रहस्य का पता लगाने की कोशिश की गई और अब हालिया ट्रू क्राईम पॉडकास्ट “स्टेटस-अनट्रेस्ड” में लियाम लक्सन ने भी इस रहस्यमय मामले की जांच की है। 10-एपिसोड की इस सीरीज़ में, जस्टिन के साथ वास्तव में क्या हुआ, इसका कयास लगाया गया है।

अपनी आवाज़ में आत्मविश्वास जगाने के टिप्स

क्या आप पॉडकास्टिंग में नए हैं और आपको अपनी आवाज़ का उपयोग करने की क्षमता पर संदेह हो रहा है? या शायद आपको आपकी आवाज़ के बारे में नकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। तो काईरा के ये टिप्स आपके आत्मविश्वास में सुधार ला सकते हैं :

  • भोजन का आपकी आवाज पर असर होता है, तो इसका ख्याल रखें। कुछ खाद्य पदार्थ दूसरों की तुलना में अधिक पेट में एसिड पैदा कर सकते हैं, जो आपके स्वरयंत्र को परेशान कर सकते हैं।
  • रिकॉर्डिंग से पहले वार्मअप करें।जैसे एथलीट वर्कआउट से पहले वार्मअप करते हैं, वैसे ही रिकॉर्डिंग से पहले अपने वोकल कॉर्ड को वार्मअप करना महत्वपूर्ण है।
  • जलयोजन महत्वपूर्ण है! खूब पानी पीने से आपके स्वरयंत्रों को चिकनाई बनाए रखने में मदद मिलती है।
  • अच्छा पॉश्चर बनाये रखने का अभ्यास करें। ये आपकी श्वास और स्वर प्रक्षेपण को बेहतर बनाने में मदद करती है।
  • वोकल तनाव से बचें। चिल्लाएं नहीं और बिना ब्रेक लिए लंबे समय तक बोलने से बचें।
  • किसी शांत जगह पर रिकॉर्ड करें। पृष्ठभूमि के शोर से आपकी आवाज़ को सुनना मुश्किल हो सकता है।
  • अपनी रिकॉर्डिंग को खुद ज़रूर सुनें और सुधार के क्षेत्रों की पहचान करें।

अन्य खबरों में

  • पॉडकास्ट इंडेक्स के फरवरी 2024 के आंकड़ों के मुताबिक 50% से ज्यादा पॉडकास्ट्स के 5 या उससे कम एपिसोड होते हैं।
  • UK की संचार नियामक ऑफकॉम द्वारा आयोजित पॉडकास्ट श्रोता सर्वेक्षण अप्रेल 2024 के नतीजे बताते हैं कि UK में पॉडकास्ट की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उत्तरदाताओं में से 50% ने संकेत दिया कि उन्होंने कभी न कभी पॉडकास्ट सुना है, इस में से 25% लोग नियमित रूप से पॉडकास्ट सुनते हैं। अधिक उम्र के श्रोताओं की तुलना में कम आयु वर्ग के लोग पॉडकास्ट सुनने की अधिक संभावना रखते हैं। संभवतः इसका कारक युवा लोगों की डिजिटल मीडिया खपत के साथ परिचितता और सहजता है। सर्वेक्षण में पाया गया कि श्रोताओं के लिए नए पॉडकास्ट खोजने के लिए सोशल मीडिया सबसे लोकप्रिय तरीका है। सबसे लोकप्रिय पॉडकास्ट शैलियाँ मनोरंजन, समाचार और समसामयिक मामले, कॉमेडी और चर्चा शो हैं। लोग घर का काम करते समय, यात्रा करते समय या पैदल चलते समय सुविधा के लिए पॉडकास्ट सुनते हैं।
  • Spotify के मुताबिक ऑडियोबुक्स हिट हैं, कंपनी के अमरीका, इंग्लैंड व आस्ट्रेलिया में 25% प्रीमियम उपयोगकर्ता ऑडियोबुक से जुड़े हैं। कंपनी यह भी बताती है कि इसके परिणामस्वरूप प्रकाशकों को अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। Spotify के बगैर, स्वतंत्र लेखकों के लिए रॉयल्टी 23% तक बढ़ जाती, लेकिन Spotify प्रीमियम में ऑडियोबुक को शामिल करने के बाद उनकी रॉयल्टी में 95% का उछाल देखा गया।

उल्लेखनीय पॉडकास्ट

वन मिनट रिमेनिंग (अंग्रेजी) 🆓

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई रेडियो प्रस्तोता जैक लॉरेंस द्वारा होस्ट किए गए “वन मिनट रिमेनिंग” ने ट्रू क्राईम शैली पर अपनी अनूठी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है, जिसमें संयुक्त राज्य अमेरिका में जेल में बंद व्यक्तियों के साक्षात्कार शामिल हैं। सितंबर 2022 में लॉन्च होने के बाद से इस शो के चार मिलियन डाउनलोड हो चुके हैं, जो इसकी व्यापक अपील को रेखांकित करता है। पॉडकास्ट में जैक विभिन्न अपराधों के लिए लंबी जेल की सजा काट रहे कैदियों से बात करते हैं। आगजनी, हत्या से लेकर डकैती तक। कैदी उन घटनाओं के बारे में बताते हैं जो उन्हें सलाखों के पीछे ले गई।